देहरादून
उत्तराखंड में अन्य राज्यों से आ रहीं अनधिकृत और डग्गामार बसों के साथ ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग का सख्त रुख।
परिवहन विभाग का इंटर डिस्ट्रिक्ट चेकिंग अभियान: 210 गाड़ियों के चालान, 22 बसें सीज; ओवरलोडिंग और डग्गामारी पर चला चाबुक
सचिन कुमार
उत्तराखंड में अन्य राज्यों से आ रहीं अनधिकृत और डग्गामार बसों के साथ ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वीकेंड पर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद देहरादून संभाग में दो दिवसीय विशेष ‘इंटर डिस्ट्रिक्ट चेकिंग अभियान’ चलाया गया।
देहरादून की आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि 12 और 14 तारीख को दिन-रात चले इस सघन चेकिंग अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 210 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 22 बसों और वाहनों को सीज किया गया है।
सीमा पार अदला-बदली कर उतारी गईं टीमें
स्थानीय सांठगांठ तोड़ने और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग ने विशेष रणनीति बनाई। इसके तहत देहरादून की टीम को रुड़की, ऋषिकेश की टीम को हरिद्वार और हरिद्वार व रुड़की की टीमों को देहरादून क्षेत्र में चेकिंग के लिए तैनात किया गया।
बिना दस्तावेज और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई
आरटीओ डॉ. अनीता चमोला के अनुसार, अभियान का मुख्य फोकस बाहरी राज्यों से आने वाली प्राइवेट बसों पर रहा। इनमें परमिट, फिटनेस, बीमा और टैक्स से जुड़े दस्तावेज अधूरे पाए गए। इसके अलावा बसों में क्षमता से अधिक सवारियां भरने और बॉडी में अवैध बदलाव (अल्टरेशन) करने वालों पर शिकंजा कसा गया। साथ ही भारी मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग, बाहर निकले सरिये-लोहे जैसे खतरनाक सामान की ढुलाई और सड़कों किनारे अवैध पार्किंग पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।