देहरादून
कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस सख्त।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस सख्त: हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर, फेशियल रिकग्निशन से होगी पहचान
सचिन कुमार
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा अत्यंत कठिन, त्याग और परिश्रम वाली यात्रा है, जिसे श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ जल उठाने और शिवालयों में जल चढ़ाने के लिए आते हैं। हालांकि, कुछ असामाजिक तत्व कांवड़ियों के भेष में यात्रा में शामिल होकर उत्पात मचाने और हुड़दंग करने की कोशिश करते हैं, जिन पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
सीसीटीवी और फेशियल रिकग्निशन तकनीक का उपयोग
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है। आईजी गढ़वाल ने बताया कि यात्रा मार्ग पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में विशेष तौर पर फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (चेहरा पहचान प्रणाली) का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए संदिग्ध लोगों के चेहरे सीधे डाटा सेंटर में आते हैं, जहां उनका मिलान पुलिस के आपराधिक सर्वर और इतिहास से किया जाता है। यदि किसी व्यक्ति की आपराधिक पृष्ठभूमि पाई जाती है, तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हथियारों और नशीले पदार्थों पर कड़ा पहरा
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान बेस बॉल बैट, नुकीली वस्तुएं या किसी भी प्रकार के अवैध हथियारों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही, नशे का व्यापार करने वालों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया गया है। पुलिस की विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यात्रा में खलल डालने या माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।