देहरादून
मसूरी विवाद पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स का बयान: ‘प्रशासन संवेदनशीलता दिखाए, कब्रिस्तानों को राजनीति से दूर रखें’
सचिन कुमार
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने मसूरी में हाल ही में हुए एक मामले को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। मसूरी में कब्रिस्तान के पास हुई तोड़फोड़ और लोगों को हटाए जाने के मामले में उन्होंने अधिकारियों को नसीहत दी है कि वे संवेदनशीलता के साथ काम करें।
शादाब शम्स ने कहा कि हालांकि यह पूरा मामला अदालत के दायरे का नहीं है और समाज से जुड़ा हुआ विषय है, फिर भी अधिकारियों को कार्रवाई से पहले लाइन-लेन्थ का पूरा ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि कब्रिस्तानों के अंदर राजनीति या इस प्रकार की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ऐसी जगहों पर संवेदनशीलता बरतना बेहद जरूरी है। यदि कब्रिस्तानों पर भी ऐसे सवाल खड़े होंगे, तो यह चिंता का विषय बन जाता है।
अधिकारियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केवल अपनी संख्या बढ़ाने या खुद को बेहतर दिखाने के चक्कर में कोई भी ऐसा निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए जिससे भविष्य में अनावश्यक सवाल खड़े हों। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे राज्य सरकार की पारदर्शिता और ईमानदारी की सराहना करते हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि सरकार पूरी निष्पक्षता से काम कर रही है। यदि कहीं कोई भूल हुई है, तो भविष्य में उसकी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए वक्फ बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है ताकि मामलों को अधिक बेहतर ढंग से संभाला जा सके।