देहरादून
वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे पर बोले शादाब शम्स- ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी, इज्जत से जगह खाली करें नहीं तो धामी सरकार धुआं निकाल देगी’
सचिन कुमार
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने प्रदेश में वक्फ संपत्तियों और कब्रिस्तानों पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि बाहर से आकर वक्फ भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि यह पुरानी सरकार नहीं बल्कि धामी सरकार है, जो किसी भी कीमत पर वक्फ माफियाओं को बख्शने वाली नहीं है।
शादाब शम्स ने बताया कि वक्फ संपत्तियों के अवैध अतिक्रमण की जानकारी संबंधित जिलाधिकारियों को दी जाती है, जो जिले में वक्फ के उपायुक्त भी हैं। उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कार्रवाई की बात आती है तो विपक्ष विलाप करने लगता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वक्फ बोर्ड का अध्यक्ष होने के नाते अपनी संपत्तियों को बचाना गलत है? अगर लोगों को ऐसा लगता है तो वे अपने पद से इस्तीफा देने को भी तैयार हैं।
बिजनौर से आकर कब्जों का आरोप, स्थानीय मुस्लिम परेशान
शम्स ने आरोप लगाया कि बिजनौर व अन्य बाहरी क्षेत्रों से आकर लोग देहरादून के कब्रिस्तानों और वक्फ जमीनों पर अवैध रूप से बस रहे हैं। इसके चलते स्थानीय मुसलमानों के सामने अपने मृतकों को दफनाने तक का संकट खड़ा हो रहा है और विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी की आड़ में वक्फ की जमीनों पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी।
‘कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे’
अध्यक्ष ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कब्जाधारी बिना किसी विवाद के इज्जत से जमीन खाली कर दें। अगर कानून-व्यवस्था बिगड़ी तो प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उन्होंने कहा, “कायदे में रहेंगे तो फायदे में रहेंगे, नहीं तो धामी सरकार धुआं निकालने में देर नहीं करेगी।”