देहरादून
चारधाम यात्रा रूटो पर देहरादून आरटीओ की सख्त कार्रवाई: अभी तक 12,000 से अधिक वाहनों पर चालान, 51 वाहन सीज
चारधाम यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया है। साथ ही आरटीओ प्रशासन के अनुसार, यात्रा मार्ग पर तैनात परिवहन टास्क फोर्स की कड़ी निगरानी में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
सघन चेकिंग अभियान
अधिकारियों ने बताया कि नौ रूटों पर विशेष दल तैनात किए गए थे, साथ ही छह चेकपोस्टों पर चारधाम यात्रा में जाने वाली गाड़ियों के ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की अनिवार्य जांच की गई। इस अभियान के तहत लगभग 3,500 वाहनों का चालान किया गया और 51 वाहनों को सीज किया गया। इसमें 1,000 उत्तराखंड और 2,500 बाहरी राज्यों की गाड़ियां शामिल थीं।
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता
चेकपोस्टों के अलावा, यात्रा रूट पर तैनात एनफोर्समेंट स्क्वॉड ने 9,000 से अधिक वाहनों का चालान किया, जिनमें 6,000 उत्तराखंड और 3,000 अन्य राज्यों की गाड़ियां शामिल थीं। आरटीओ प्रशासन ने कहा कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और रैश ड्राइविंग पर रोक लगाना है। विभाग का मानना है कि इन प्रयासों से यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।