उत्तरकाशी बचाव अभियान: मुख्यमंत्री धामी ने दी अपडेट, 40 लोग सुरक्षित रेस्क्यू
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में चल रहे बचाव अभियान को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी जनपद के विभिन्न ट्रैकिंग दलों के कुल 136 लोग फंसे हुए थे, जिनमें से आज 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम धामी ने कहा कि बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र के ट्रैकर्स अपनी यात्रा सामान्य रूप से कर रहे हैं और वहां कोई दिक्कत नहीं है। प्रशासन का मुख्य लक्ष्य सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि लगभग 30 से 40 लोग अभी भी अपनी ट्रैकिंग जारी रखना चाहते हैं, जिन्होंने हेलीकॉप्टर रेस्क्यू के दौरान अपनी यात्रा जारी रखने का संकेत दिया था। वहीं, लगभग 20 लोग स्वतः ही नीचे आ जाएंगे और अन्य 40 लोगों को कल (मंगलवार को) सुरक्षित रेस्क्यू करने का पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है।
प्रशासन की ओर से रेस्क्यू किए गए और फंसे हुए सभी लोगों को भोजन के पैकेट और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार और प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।