देहरादून
उत्तराखंड में 1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ 2026,
उत्तराखंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस वर्ष का बहुप्रतीक्षित ‘खेल महाकुंभ-2026’ आगामी 1 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। यह आयोजन लगभग 30 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें राज्यभर में विभिन्न चरणों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उत्तराखंड युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल (पीआरडी) विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह ने खेल महाकुंभ की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में शिक्षा विभाग, पंचायती राज, सूचना विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के मुख्य स्टेकहोल्डर्स को शामिल किया गया।
निदेशक दीप्ति सिंह ने बयान देते हुए बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य खेल महाकुंभ के आयोजन से पहले शुरुआती स्तर की सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को इसलिए आमंत्रित किया गया था ताकि शुरुआत से ही एक मजबूत संदेश जाए और प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय स्थापित हो सके। शासन और विभाग का प्रयास है कि इस बार का खेल महाकुंभ राज्य के युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच साबित हो, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सही दिशा और अवसर मिल सके।