देहरादून
उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट,
उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दौरे से जुड़ी प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन स्तर पर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए अंतर-विभागीय समन्वय स्थापित किया गया है। सभी संबंधित सरकारी विभागों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की गई है, ताकि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कोई कमी न रहे।
केंद्रीय सुरक्षा टीम के साथ निरंतर समन्वय
डीएम डॉ. आशीष चौहान के अनुसार, दौरे के मद्देनजर अग्रिम सुरक्षा एवं समन्वय टीमें देहरादून पहुंच चुकी हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इन टीमों के साथ लगातार बैठकें और संवाद कर रहे हैं। केंद्रीय टीम से मिलने वाले दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल मानकों के अनुरूप सुरक्षा घेरा, रूट व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और आपातकालीन प्रबंधन चाक-चौबंद किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वीवीआईपी प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो। अधिकारियों को समय से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और हाई अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए गए हैं, ताकि प्रस्तावित दौरे के दौरान कोई प्रशासनिक या सुरक्षात्मक व्यवधान न आए।