देहरादून।
चारधाम।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं ने रिकॉर्ड तोड़ किये दर्शन-सतपाल महाराज
-उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा को लेकर कहा इस बार चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक यमुनोत्री में 6,98,332, गंगोत्री में 7,79,684, केदारनाथ में 14,90,513, बद्रीनाथ में 17,17,923 और हेमकुंड साहिब में 3,15,261 श्रद्धालुओं सहित कुल 50,01,713 दर्शनार्थियों ने इन धामों में दर्शन लाभ प्राप्त किया है और यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है।
इसके साथ ही, हनुमान अंश के महत्व को देखते हुए और नीम करोली बाबा के कैंची धाम स्थित भव्य आश्रम, ककड़ी घाट, ऋषिकेश तथा उत्तराखंड में अन्य स्थानों पर उनके निवास स्थलों और महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़कर एक नया ‘दर्शन सर्किट’ बनाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी चर्चा की है, ताकि मथुरा, लखनऊ (हनुमान मंदिर) और अन्य स्थानों पर नीम करोली बाबा के साधना स्थलों को शामिल करते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को मिलाकर एक व्यापक नीम करोली बाबा दर्शन सर्किट विकसित किया जा सके। पर्यटन मंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व विस्तार मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान, ज्ञान और आध्यात्मिक शिक्षा का अनूठा लाभ प्राप्त होगा।