उत्तराखंड में आपदा की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा लगभग ढाई करोड़ कांवड़ यात्रियों ने सुरक्षित रूप से लिया मां गंगा का जल।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में चल रही भारी बारिश और आपदा की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में अलर्ट की स्थिति बनी हुई है। देहरादून, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और चमोली जैसे जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार बारिश के कारण जल स्तर बढ़ रहा है और रास्तों पर भी बीच-बीच में रुकावटें आ रही हैं। कुछ स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। सुरक्षा को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने और आवश्यकतानुसार यात्रा को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है।
वहीं, चल रही कावड़ यात्रा के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि अब तक लगभग ढाई करोड़ कांवड़ यात्रियों ने सुरक्षित रूप से मां गंगा का जल लिया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग पूरी तरह से सतर्क हैं और यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।